हरिद्वार, 23 फरवरी। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। निरीक्षण के दौरान बैरागी कैंप, दक्ष क्षेत्र, जगजीतपुर, गौरीशंकर क्षेत्र तथा नजीबाबाद मार्ग स्थित प्रवेश स्थल प्वाइंट 4.2 का भ्रमण किया गया। मेलाधिकारी ने प्रस्तावित पार्किंग स्थलों, ट्रैफिक डायवर्जन योजना और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की मौके पर समीक्षा करते हुए कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन के लिए सुविचारित रणनीति, विभागीय समन्वय और सतत मॉनिटरिंग अनिवार्य है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अस्थायी पार्किंग स्थलों का समय से समतलीकरण कराया जाए, जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और संपर्क मार्गों को मजबूत किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु नगर के भीतरी हिस्सों में प्रवेश किए बिना ही निर्धारित स्नान घाटों तक सुगमतापूर्वक पहुंच सकें।
मेलाधिकारी ने पेयजल आपूर्ति, शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता, नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रत्येक सेक्टर में चिकित्सा सहायता केंद्र और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी (सिटी) अभय सिंह ने यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी, जबकि उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने क्षेत्रवार व्यवस्थाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। निर्माणाधीन रिंग रोड और नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्लान में आवश्यक संशोधन करने के भी निर्देश दिए गए।
