हरिद्वार, 17 फरवरी। हरिद्वार में आयोजित होने जा रहे कुंभ मेला की तैयारियां अब तेज रफ्तार पकड़ चुकी हैं। मेला प्रशासन ने आधारभूत संरचनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए विभागों को सक्रिय कर दिया है। मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार सुबह दक्षद्वीप और बैरागी कैंप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। बैरागी कैंप क्षेत्र में अखाड़ों के लिए चिन्हित शिविर स्थलों के समतलीकरण और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रह सके। दक्षद्वीप क्षेत्र में घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मेलाधिकारी ने कहा, श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं देना हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने बिजली, पेयजल, स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त भूमि प्रबंधन पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए कुंभ मेला 2027 को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ ट्रैफिक विपेंद्र सिंह सहित कुंभ मेले से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
