हरिद्वार, 5 फ़रवरी। बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा गुरुवार तड़के विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 घरों में बिजली चोरी पकड़ी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह अभियान उपखंड अधिकारी जगजीतपुर रूपेश शर्मा की अगुवाई में अजीतपुर एवं इक्कड़ क्षेत्र में सुबह सवेरे करीब साढ़े छह बजे संचालित किया गया।
अचानक की गई इस कार्रवाई से अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान कई घरों में सीधे लाइन से बिजली चोरी करते हुए कनेक्शन पाए गए। मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए।
उपखंड अधिकारी रूपेश शर्मा ने बताया कि पकड़े गए सभी मामलों में नियमों के अनुसार जुर्माना वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में जे ई वरुण पवार, संदीप सेमवाल, प्रीति जिंटा सहित विद्युत विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से ईमानदार उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है, वहीं बिजली चोरों में भय का माहौल बना हुआ है।
