हरिद्वार, 4 फरवरी। भारत माता मन्दिर के संस्थापक, पद्मभूषण से अलंकृत, निवृत्त शंकराचार्य ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि महाराज का की त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मन्दिर व मूर्ति स्थापना महोत्सव का भव्य शुभारम्भ पूर्व राष्ट्रपति आदरणीय रामनाथ कोविन्द ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता मन्दिर से सप्तऋषि मैदान स्थित आयोजन स्थल तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं एवं संत समाज की विशाल उपस्थिति रही। उसके बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भारत माता के दर्शन एवं पूजन किए। इसके उपरांत उन्होंने ब्रह्मलीन समाधि स्थल राघव कुटीर में दर्शन पूजन कर राष्ट्रहित एवं जनकल्याण की कामना की। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने ब्रह्मलीन गुरुदेव को राष्ट्र की अमूल्य विभूति बताते हुए कहा कि उन्होंने भारत माता मन्दिर की स्थापना कर राष्ट्र की चेतना, एकता एवं अखण्डता को सुदृढ़ करने का कार्य किया। उन्होंने समाज के वंचित, उपेक्षित एवं शोषित वर्ग तक सेवा और सहायता पहुँचाने का प्रेरणादायी कार्य किया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की मूर्ति स्थापना केवल श्रद्धा का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा भी है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने गुरुदेव के द्वारा अन्न, अक्षर और विशेषतः स्वस्थ के प्रति किये गए कार्यों की सराहना की तथा इसे समाज एवं राष्ट्र के उत्थान में विशेष सहयोग बताया।
आज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचन्द कटारिया, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, मध्यप्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की विशिष्ट उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जूना पीठाधिश्वर अवधेशानंद महाराज ने रामनाथ कोविन्द सहित कार्यक्रम में पधारे सभी विशिष्ट अतिथियों एवं संत-महात्माओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में सविता कोविन्द, स्वाति कोविन्द, अनिता कटारिया, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि, जगद्गुरु आश्रम कनखल हरिद्वार के परमाध्यक्ष स्वामी राजराजेश्वरानन्द, हरिद्वार के विधायक आदरणीय मदन कौशिक, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, रुड़की के विधायक प्रदीप बत्रा, महामण्डलेश्वर अखिलेश्वरानन्द गिरि, महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द, जूना अखाड़ा के महामंत्री स्वामी महेश पुरी, महामण्डलेश्वर स्वामी ललितानन्द गिरि, देवानन्द महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी नैसर्गिका गिरि, भारत माता मन्दिर-समन्वय सेवा ट्रस्ट के सचिव आई.डी. शास्त्री, संस्था के वरिष्ठ न्यासीगण सहित सन्त समाज, शासन-प्रशासन के अधिकारीगण एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
