हरिद्वार, 3 फरवरी। संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विकास भवन रोशनाबाद के प्रेक्षागृह में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रानीपुर आदेश चौहान, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बताया गया कि संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत 28 जनवरी से हो चुकी है, जो 14 अप्रैल 2026 तक संचालित रहेगा। यह तीन माह का अभियान देश के 112 आकांक्षी जिलों और 513 आकांक्षी ब्लॉकों में प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की पूर्ण संतृप्ति के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आकांक्षी जिला हरिद्वार एवं आकांक्षी ब्लॉक बहादराबाद में इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, स्वच्छता और पशुपालन से जुड़े कुल 6 संकेतकों को संतृप्त किया जाना है। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में संपूर्णता अभियान 2.0 एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
