हरिद्वार, 25 दिसम्बर। पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए लक्सर क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना का खुलासा कर दिया है। पर्यवेक्षण में गठित विशेष पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से, बिजनौर हाईवे के पास से धर दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त सन्नी यादव उर्फ शेरा और उसका साथी अजय पूर्व में काशीपुर में हुई डकैती की वारदात में जेल जा चुके हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी तथ्य उजागर हुआ कि अभियुक्त सन्नी और विनय त्यागी के बीच पैसों का लेनदेन चल रहा था। काशीपुर में हुई लूट में सभी लोग साथ थे और सन्नी लगातार विनय पर पैसे देने का दबाव बना रहा था और पैसे मांगने पर विनय त्यागी द्वारा लगातार धमकियां दिए जाने से सन्नी बदले की भावना में आ गया। सुनिए क्या बोले पुलिस कप्तान 👇
सन्नी काफी समय से विनय त्यागी की रेकी कर रहा था। उसे जानकारी मिली कि विनय त्यागी रुड़की जेल में बंद है और 24 दिसंबर को लक्सर न्यायालय में पेशी पर लाया जाएगा। इसी सूचना के आधार पर सन्नी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
