वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए SSP प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थलों का बारीकी से अध्ययन कर Crime Graph तैयार किया और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। 16 दिसंबर को गोपनीय सूचना के आधार पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध सौरभ और संजय को हिरासत में लिया गया। इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। कड़ी पूछताछ में दोनों टूट गए और उन्होंने पेंटागन मॉल के पीछे कूड़े के ढेर के पास बने टीन शेड में चोरी की मोटरसाइकिलों के अड्डे का खुलासा किया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दूसरी दबिश दी, जहां से सुनील कुमार और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अक्षय उर्फ टाइगर को धर दबोचा गया। मौके से हीरो स्प्लेंडर, सुपर स्प्लेंडर, TVS अपाचे, यामाहा MT-15 सहित कुल 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। कई वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर घिसे हुए थे, फिर भी पुलिस ई-चालान मशीन व तकनीकी माध्यमों से उनके असली मालिकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रेस वार्ता में SP सिटी अभय प्रताप सिंह, CO निशा यादव, SO सिडकुल नितेश शर्मा मौजूद थे।
