हरिद्वार। (रूपेश वालिया) मुख्यमंत्री के निर्देशन में धर्मनगरी को स्वच्छ, सुंदर एवं क्लीन जनपद बनाने का लक्ष्य अब तेजी से धरातल पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में जनपदभर में जारी स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आह्वान और चेतावनी का असर साफ देखा जा सकता है जिसके चलते धर्मनगरी की सूरत निरंतर सवंर रही है। शहरी क्षेत्रों से लेकर गांव, कस्बों, कार्यालय परिसर, सरकारी संपत्तियाँ, पानी की टंकियाँ और राष्ट्रीय राजमार्ग, हर स्थान पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं मैदान में उतरकर अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी के आह्वान का ही असर है कि सभी विभाग, ब्लॉक हो या भेल जैसे संस्थान सफाई में जुटे हैं और अपने अपने क्षेत्र की व्यवस्था सुधार रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं अभियान की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनका उद्देश्य धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन एवं मॉडल जनपद बनाना है। हाकिम का यह प्रयास अब पूरे जनपद में एक सकारात्मक बदलाव के रूप में नजर आने लगा है।
