हरिद्वार, 10 दिसंबर। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने प्राधिकरण मुख्यालय स्थित सभागार में सुशासन कैंप का सफल आयोजन किया गया। इससे पूर्व HRDA दो बार इसी प्रकार के कैंप आयोजित कर चुका है, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली थी। कैंप में भी बड़ी संख्या में आवेदक अपनी समस्याओं के समाधान हेतु पहुँचे। कैंप का निरीक्षण स्वयं उपाध्यक्ष सोनिका ने किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी आवेदकों के मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि सुशासन का लाभ सीधे आम नागरिक तक पहुँचे।
कैंप के दौरान 20 मानचित्र स्वीकृत किए गए और 18 मानचित्र निर्गत हुए। इस प्रकार कुल 38 मानचित्रों का निस्तारण किया गया, जिससे आवेदकों ने अत्यंत संतोष व्यक्त किया। तेज, सरल और व्यवस्थित प्रक्रिया को लोगों ने HRDA की सराहनीय पहल बताया।
HRDA सचिव मनीष सिंह ने जानकारी दी कि अगला सुशासन कैंप 12 दिसंबर को ब्लॉक सभागार, बहादराबाद में आयोजित किया जाएगा। नागरिकों से अपील की है कि वे कैंप में पहुँचकर निर्माण मानचित्र, शुल्क निस्तारण, तकनीकी समाधान तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित सेवाओं का त्वरित लाभ प्राप्त करें।
कैंप में संयुक्त सचिव दीपक रामचंद्र सेठ, अधीक्षण अभियंता राजन सिंह, सहायक अभियंता वर्षा, प्रशांत सेमवाल, टेक्निकल कंसल्टेंट गोविंद तथा अवर अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
