हरिद्वार, 8 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरलीकरण और त्वरित निस्तारण के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने सोमवार को मुख्यालय स्थित सभागार में सुशासन कैंप का सफल आयोजन किया। इससे पहले भी दो बार ऐसे कैंप आयोजित किए जा चुके हैं।
कैंप में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुँचे। सचिव HRDA मनीष कुमार सिंह सहित संयुक्त सचिव, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और तकनीकी टीम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
HRDA की उपाध्यक्ष सोनिका ने कैंप का निरीक्षण करते हुए सभी मामलों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनता को सुशासन का वास्तविक लाभ मिल सके। कैंप में 35 निर्माण मानचित्र स्वीकृत और 16 मानचित्र निर्गत किए गए।
निर्धारित समय में समाधान पाकर आवेदकों ने HRDA की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह ने बताया कि अगला सुशासन कैंप 10 दिसंबर को पुनः मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित होगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मानचित्र स्वीकृति, शुल्क निस्तारण और तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु कैंप का लाभ अवश्य उठाएँ।
कैम्प में संयुक्त सचिव दीपक रामचंद्र सेठ, अधिशासी अभियंता, राजन सिंह, सहायक अभियंता वर्षा, सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल, टेक्निकल कंसल्टेंट गोविंद, अवर अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
