हरिद्वार, 6 दिसम्बर। पुलिस ने दो चैन स्नैचरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। कनखल पुलिस की सतर्कता ने उन अपराधियों को पकड़ लिया जो हरिद्वार, रुड़की और सहारनपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
मधु बिहार कॉलोनी व मिश्रा गार्डन क्षेत्र में 20 सितंबर और 4 अक्टूबर को दो अलग-अलग वारदातों में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पता पूछने और सामान लेने के बहाने महिलाओं की चैनें छीन ली थीं। घटना के खुलासे के लिए SSP ने टीम का गठन किया। टीम ने CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। 5 दिसंबर को सघन चेकिंग के दौरान बैरागी कैम्प क्षेत्र से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने वारदातों को स्वीकार करते हुए स्नैच की गई पीली धातु की चैनें भी बरामद कराईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सहारनपुर निवासी शुभम मिश्रा और चांद अजमल शामिल हैं। शुभम का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है, जो कई जनपदों में दर्ज गंभीर अभियोगों में वांछित रहा है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशा पूरा करने के लिए महिलाओं को निशाना बनाते थे। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत समेत उपनिरीक्षक व कांस्टेबलों की सक्रियता ने इन वारदातों के त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
