हरिद्वार, 13 अक्टूबर। पुलिस ने एक चौंका देने वाले कांड का पर्दाफाश किया है जिसमे जमीनी विवाद में विपक्षी को फंसाने के लिए एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने अपनी ही हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस की जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। पुलिस ने पूरे मामले में संलिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जाकिर ने थाना बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी हत्या करवाने के लिए विपक्षियों ने 30 लाख रुपये की सुपारी दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जब पुलिस टीम ने गहन जांच की, तो पूरा षड्यंत्र उजागर हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जाकिर ने 50,000 रुपये का लालच देकर फायरिंग की योजना बनाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि जाकिर पुत्र ताहिर, निवासी ग्राम घोड़ेवाला, ने विपक्षी जावेद पुत्र याकूब पर झूठा आरोप लगाने के लिए तीन युवकों को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी ही गाड़ी पर फायरिंग करने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने जाकिर, उसके भतीजे खालिक और चार अन्य सहयोगियों को हिरासत में लेकर जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
बहादराबाद थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने कहा कि झूठे आरोप लगाकर किसी को फंसाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
