सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए जिलाधिकारी ने दिए निर्देश, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार पर होगी कड़ी कार्रवाई
हरिद्वार, 23 सितंबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष रूप से सख्त कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि स्कूली बसों की पूरी तरह जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बसों में शीशे, ग्रिल, जीपीएस ट्रैकर और सुरक्षात्मक इंतज़ाम मौजूद हों। साथ ही महिला कंडक्टर रखने के लिए स्कूलों को प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ई-चालान प्रणाली को और मजबूत बनाया जाए ताकि नियम तोड़ने वालों को सीधे घर पर चालान भेजा जा सके। साथ ही, जिले में स्पीडगन और सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान गुड सेमेरिटन शैलेश शर्मा को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने गत वर्ष भगवानपुर के पुहाना रोड पर सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों की जान समय पर अस्पताल पहुँचाकर बचाई थी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि बिना हेलमेट चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और सभी प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद सेठ, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीवी सिंह, एआरटीओ एल्विन रॉक्सी, एआरटीओ ई नेहा झा, एआरटीओ ए निखिल शर्मा, एआरटीओ (ए) कृष्ण चंद्र पलारिया, अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, सीओ ट्रैफिक संजय चौहान व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
