जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यों में अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्माण कार्यों में कोटेशन एवं ई-टेंडर प्रक्रिया को नियमानुसार संचालित करने, पत्रावलियों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं का निस्तारण समयबद्धता से करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी पटल सहायकों व अधिकारियों को कार्य ई-ऑफिस प्रणाली से संचालित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उद्यान एवं पशुपालन विभागों के कार्यालयों का भी निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति व कार्यप्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
