हरिद्वार, 12 दिसंबर। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में हरिद्वार पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना सिडकुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर सोनू पाल को IMC चौक के पास से दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 61.73 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी काला बाज़ार में कीमत लाखों में बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जारी विशेष निर्देशों के तहत जिलेभर में नशा माफिया के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने शनिवार को संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी सोनू पाल निवासी वैदिक नगर रायवाला, देहरादून जो वर्तमान में करनाल, हरियाणा में रहता था एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर है। उसके खिलाफ रायवाला, देहरादून, कनखल और सिडकुल थानों में NDPS एक्ट के तहत कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक शैलेंद्र ममगई, कांस्टेबल मनीष कुमार और वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।
