हरिद्वार। जनपद हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने कांवड़ पटरी मार्ग (सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक) का स्थलीय निरीक्षण कर जनपद में चलाए जा रहे स्वच्छता एवं सौंदर्यकरण अभियान की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अभियान में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सिडकुल, आरएम सिडकुल तथा नगर निगम की संयुक्त टीम के साथ मार्ग का निरीक्षण करते हुए कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग न केवल एक वैकल्पिक मार्ग है, बल्कि हरिद्वार आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की पहली छवि भी यहीं से बनती है। उन्होंने मार्ग के आसपास क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल और सड़क की मरम्मत कराने, उगी झाड़ियों को तत्काल कटवाने तथा साफ-सफाई को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंहद्वार एवं कांवड़ पटरी मार्ग पर किए गए अतिक्रमण पर भी जिलाधिकारी सख्त नजर आए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल के आसपास लगाई गई फड़, ठेली और अस्थाई दुकानों को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कांवड़ पटरी मार्ग पर सीएसआर के माध्यम से एकम्स कंपनी एवं हीरो कंपनी द्वारा कराए जा रहे सफाई और सौंदर्यकरण कार्यों का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। उन्होंने दोनों कंपनियों के अधिकारियों को कार्यों में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग पर हरियाली, स्वच्छता और सौंदर्य एक साथ नजर आए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सफाई अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी कर स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखें। निरीक्षण के दौरान सिडकुल के आरएम कमल किशोर कफल्टिया, एकम्स कंपनी के जीएम केडी शर्मा, हीरो कंपनी के एचआर हेड पंकज भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
