हरिद्वार 29 सितंबर। फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सऐप पर स्टेटस डालना और उस पर प्रतिक्रिया देना भी बहुत बड़े विवाद का कारण बन सकता है। कटारपुर में युवक पर हुए हमले के पीछे भी यही कारण सामने आया है। पुलिस का कहना है की दोनों के बीच में कोई पुरानी रंजिश को नहीं थी लेकिन स्टेटस डालने पर विवाद हो जाता था। एक दिन इस विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया और एक युवक ने दूसरे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया पुलिस ने जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
25 सितम्बर की शाम लगभग ग्राम कटारपुर निवासी अनुज ने अपने ही गांव के अर्जुन पुत्र सुरेन्द्र पर पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद में तमंचे से फायर झोंक दिया। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया। घायल की पत्नी की तहरीर पर थाना पथरी में मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थाना पथरी पुलिस ने भट्टा तिराहे के पास दबिश देकर मुख्य आरोपी अनुज को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद देशी तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने 20 वर्षीय अनुज पुत्र पोपिन्द्र निवासी ग्राम कटारपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
