देहरादून। तिब्बती मार्केट में हुए युवक हत्याकांड का दून पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। एसएसपी अजय सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस हत्याकांड की साजिश मृतक की अपनी माँ और उसके सहयोगियों ने सम्पत्ति विवाद के चलते रची थी। आरोप है कि मृतक को रास्ते से हटाने के लिए 12 लाख रुपये में शूटरों से सौदा किया गया था।
घटना के खुलासे के दौरान सुबह पुलिस की दोनों मुख्य अभियुक्तों पंकज राणा और राजीव से मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रोके जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए। उनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने साजिश में शामिल मृतक की माँ और उसके दो अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, दोनों शूटरों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
