हरिद्वार, 27 जनवरी। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद हरिद्वार में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक हरिद्वार मदन कौशिक एवं विशिष्ट अतिथि मेयर किरण जैसल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में समान नागरिक संहिता कानून लागू कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि यूसीसी ने सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण किया है। उन्होंने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादे के अनुरूप 27 जनवरी 2025 को प्रदेश में यूसीसी लागू की गई, जिससे सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित हुआ।
विधायक ने यूसीसी पोर्टल पर सबसे अधिक विवाह पंजीकरण कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर हरिद्वार जनपद को बधाई देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राम प्रधानों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने यह भी बताया कि यूसीसी पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच अधिकारियों को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है, जिनमें से दो अधिकारी हरिद्वार जनपद से हैं।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि समान नागरिक संहिता बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करती है और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद हरिद्वार ने यूसीसी पोर्टल पर विवाह पंजीकरण में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जनसहयोग का परिणाम है। उन्होंने अपील की कि जिन नागरिकों ने अभी तक विवाह पंजीकरण नहीं कराया है, वे यूसीसी पोर्टल अथवा नजदीकी सीएससी केंद्र पर पंजीकरण कराएं।
कार्यक्रम में यूसीसी के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले 73 ग्राम प्रधानों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, सहायक अभियोजन अधिकारी डॉ रेखा, अधिवक्ता रमन कुमार सैनी ने भी समान नागरिक संहिता कानून पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सहायक परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमेंद्र सिंह, विशाल गर्ग सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
