हरिद्वार, 11 फरवरी। शारदीय कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कांवड़ पटरी मार्ग तथा नजीबाबाद मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चंडी चौक से थाना श्यामपुर तक मार्ग पर यातायात, साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ पटरी मार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने साफ-सफाई को नियमित रखने, विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पेयजल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान आगामी वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा कराए जा रहे बाईपास एवं फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्यदाई संस्था मैसर्स पवन कुमार कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को निर्देश दिए कि श्यामपुर से बहादराबाद बाईपास तिराहे तक नीलधारा पार्किंग स्थल के लिए सर्विस लेन मार्ग तैयार किया जाए। इसके लिए वन विभाग, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश एवं उपजिलाधिकारी के साथ संयुक्त निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिसे मेलाधिकारी को प्रेषित किया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि शारदीय कांवड़ यात्रा एवं आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए यह निरीक्षण किया गया है, ताकि यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शारदीय कांवड़ यात्रा पर आए शिव भक्तों का फूल मालाओं से स्वागत किया तथा अतिथि देवो भवः की परंपरा के अनुरूप फल एवं जलपान वितरित किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी आकाश जोशी, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हितेश कुमार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनके शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
