हरिद्वार, 22 फरवरी। पुलिस ने सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान किया। 17 फरवरी को मंगलौर नहर पटरी मार्ग पर पुराने पीर के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। शव की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। सिर पर पत्थर से कुचले जाने के गहरे घाव इस बात की ओर इशारा कर रहे थे कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। मृतक के परिजन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन मृतक एक अज्ञात युवक के साथ मोटरसाइकिल पर देखा गया था। संदिग्ध की तलाश करते हुए पुलिस ने देवबंद तिराहे के पास एक युवक को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की वारदात कबूल ली।
आरोपी विनायक त्यागी (26) निवासी बरला, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर ने बताया कि शराब पीने के दौरान उसे मृतक के पास पैसे होने की जानकारी मिली। पैसों के लालच में उसने पहले गला दबाकर प्रदीप को गिराया और फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद वह मृतक की जेब से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
