हरिद्वार, 16 दिसम्बर। जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने बहादराबाद क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बहादराबाद पहुंचकर कक्षाओं की स्थिति, शिक्षण व्यवस्था तथा छात्रों की शैक्षणिक समझ का जायजा लिया। कई छात्रों द्वारा संतोषजनक उत्तर न दिए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता भी परखी और स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों को मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। अभिलेखों के समुचित रखरखाव पर भी जोर दिया गया।
इसके पश्चात आंगनबाड़ी केंद्र अकमलपुर बोगला का निरीक्षण किया गया, जहां एक केंद्र पर अनुपस्थित बच्चों की गलत उपस्थिति दर्ज पाए जाने पर संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की में बिना आवेदन अनुपस्थित सहायक अध्यापक का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंद मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए।
