हरिद्वार, 23 दिसम्बर। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा ऑडियो इन दिनों उत्तराखंड से लेकर राष्ट्रीय राजधानी तक चर्चा का विषय बना हुआ है। दिल्ली में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा की गई प्रेस कांन्फ्रेंस के बाद मामले ने ज्यादा तूल पकड़ लिया है। अब इस मामले में भाजपा से निष्कासित ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो पर सफाई दी है। प्रेस क्लब हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सुरेश राठौड़ ने ऑडियो को एआई जेनरेटेड और फर्जी बताया। सुरेश राठौड़ ने ऑडियो जारी करने वाली और उन पर आरोप लगाने वाली महिला उर्मिला सनावर पर भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सुरेश राठौड़ का कहना है कि लगातार उनकी सामाजिक और राजनीतिक सभी खराब करने की कोशिश की जा रही है और कांग्रेस भी कोर्ट में साबित हो चुके मुद्दे को लेकर बेवजह राजनीति कर रही है।
आपको बता दें कि सुरेश राठौड़ ज्वालापुर विधानसभा के पूर्व विधायक हैं। विवादों में आने के बाद पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी होने का दावा करने वाली महिला उर्मिला सनावर लगातार सोशल मीडिया पर आकर सुरेश राठौड़ और भाजपा के दूसरे नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगा रही है। ये मामला इन दिनों उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक खासी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले को लेकर कांग्रेस लगातार सत्तासीन भाजपा पर हमलावर है और पूरे मामले में vip पर कार्यवाही की मांग कर रही है। अब इस मामले में खुद सुरेश राठौड़ मैदान में आए हैं और उन्होंने वायरल ऑडियो को AI जेनरेटेड बताया है। ये देखना भी दिलचस्प होगा कि राठौड़ के इतना मात्र कहने से ये मामला यहीं शांत होगा या प्रदेश में कोई राजनैतिक भूचाल लाएगा?
