हरिद्वार, 20 मार्च। एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों से मिड डे मिल के लिए लकड़ियां ढुलवाने का काम कराया गया। जैसे ही यह खबर मीडिया में आई, प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय, अजीतपुर (बहादराबाद) की प्रधानाध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने साफ कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही प्रधानाध्यापिका को आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा। निलंबन के दौरान संबंधित शिक्षिका को उप शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद कार्यालय में उपस्थिति देनी होगी।