हरिद्वार 4 अक्टूबर। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, विकास खण्ड खानपुर, अंकित कुमार को जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है।
जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कार्यालय पत्र संख्या 681 दिनांक 12 अगस्त 2025 के माध्यम से अंकित कुमार से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। उक्त पत्र में उल्लेख था कि प्राप्त एक ऑडियो क्लिप में अंकित कुमार किसी व्यक्ति से अभद्र भाषा एवं गाली-गलौच करते हुए सुनाई दे रहे हैं।
निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद भी अंकित कुमार द्वारा कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। अधिकारी ने आदेश में कहा कि इस प्रकार का व्यवहार एक शासकीय कर्मचारी के आचरण नियमों के पूर्णतया विपरीत है और इससे अनुशासनहीनता परिलक्षित होती है।
इसी के आधार पर अंकित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए सहायक विकास अधिकारी बहादराबाद के कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।
