हरिद्वार, 28 नवम्बर। विष्णु गार्डन क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को एक महत्वपूर्ण मजबूती मिली, जब पूर्व पार्षद प्रत्याशी गगनदीप सिंह ने पुनः कांग्रेस का दामन थामते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। गगनदीप सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व पर अपना पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की भलाई के लिए कांग्रेस ही वास्तविक विकल्प है।
जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने गगनदीप सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाकर विधिवत सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान उन्होंने कहा कि गगनदीप जैसे युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं की वापसी से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
सदस्यता कार्यक्रम के मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, रवींद्र शर्मा, पार्षद प्रत्याशी हिमांशु राजपूत और विपुल गोस्वामी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने गगनदीप सिंह का स्वागत करते हुए उनके निर्णय को क्षेत्र की राजनीति के लिए सकारात्मक बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और संगठन मजबूत एकजुटता के साथ आगामी चुनावों की तैयारी कर रहा है। गगनदीप सिंह की घर वापसी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत योग्य कदम बताया।
