समीक्षा के दौरान एसएसपी ने कुछ लापरवाह थानाध्यक्षों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अद्यतन सूचनाओं के साथ अपराध गोष्ठी में शामिल हों, लापरवाही किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय बने रहना आवश्यक है, जिसके लिए प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पुलिस कर्मियों के कल्याण पर अधिकारियों से विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने थाना या चौकियों में चल रहे निर्माण कार्यों की साप्ताहिक निरीक्षण रिपोर्ट अनिवार्य रूप से पुलिस कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए, ताकि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि उच्चाधिकारियों से प्राप्त आदेशों का समय पर अनुपालन किया जाए और किसी भी परिस्थिति में वस्तुस्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
ठंड और कोहरे के दृष्टिगत रात्रिकालीन गश्त, अलाव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। दिल्ली में हाल ही में हुई घटना के मद्देनजर सत्यापन और चेकिंग अभियान को और अधिक तीव्र करने तथा बीडीएस टीमों को महत्वपूर्ण स्थानों पर राउंड द क्लॉक सक्रिय रहने को कहा गया।
बैठक में एसपी नगर अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखरचंद्र सुयाल, एसपी संचार, एएसपी, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
