हरिद्वार, 27 मार्च। सिडकुल क्षेत्र में नाबालिग युवतियों से बंधुआ मजदूरी कराने और अमानवीय व्यवहार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 24 मार्च को कार्तिक एंटरप्राइजेज में काम करने वाली महिलाओं और युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा और अन्य ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें काम पर लगाया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवतियों को ऑफिस में बुलाकर उनके दुपट्टे से हाथ-पैर बांध दिए, मारपीट की और चोरी कबूलने का दबाव बनाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 26 मार्च को मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उसके मोबाइल से घटना का वीडियो बरामद हुआ। जांच में दस्तावेजों में छेड़छाड़ की पुष्टि भी हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह मामला क्षेत्र में हड़कंप मचाए हुए है और श्रम कानूनों पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
