हरिद्वार, 13 जनवरी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन एवं मॉडल जनपद के रूप में विकसित करने के लक्ष्य को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं धरातल पर उतरे। उन्होंने जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं मेला क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक से प्रेमनगर आश्रम चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप मुख्य द्वार से मेला क्षेत्र बैरागी कैंप तक विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने भगत सिंह चौक एवं बीएचईएल गेट नंबर-02 के आसपास नालों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा होर्डिंग-बैनर हटाने के निर्देश नगर निगम को दिए। प्रेमनगर आश्रम मार्ग पर दोनों ओर लगी फड़, ठेली एवं अस्थायी दुकानों को हटाने के साथ-साथ दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों अथवा नालों में कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा ऐसे मामलों में न्यूनतम पांच हजार रुपये से कम का चालान न किया जाए। कांवड़ पटरी मार्ग पर भी बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयरिश पुल एवं बैरागी कैंप मुख्य गेट के आसपास अवैध रूप से लगाई गई अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम और सिंचाई विभाग को जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि बैरागी कैंप में शांतिकुंज द्वारा आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में वीवीआईपी आगमन प्रस्तावित है, ऐसे में क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण-मुक्त एवं स्वच्छ रखना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
