दोस्त ने ही दोस्त की गला दबाकर कर दी, पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है
हरिद्वार / लक्सर, 2 फ़रवरी। दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला सन्नी हत्याकांड आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। कोतवाली लक्सर पुलिस ने तेजतर्रार कार्रवाई करते हुए मृतक सन्नी के ही दोस्त रोहित उर्फ बालू को गिरफ्तार कर हत्या के रहस्य से पर्दा उठा दिया है। इस पूरे खुलासे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
30 जनवरी को रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी एक महिला ने अपने 20 वर्षीय पुत्र सन्नी के घर से दोस्तों के साथ जाने के बाद वापस न लौटने की शिकायत कोतवाली लक्सर में दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की। सघन सर्चिंग अभियान के दौरान 1 फरवरी को सन्नी का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ, जिससे मामला हत्या में तब्दील हो गया।
पुलिस कप्तान डोबाल के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय जानकारियों और गहन पूछताछ के आधार पर मृतक के दोस्त रोहित उर्फ बालू को संदिग्ध पाया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 27 जनवरी को वह सन्नी और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहां किश्तों में खरीदे गए रेडमी मोबाइल फोन को लेकर शराब के नशे में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि रोहित ने सन्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया।
हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी रोहित गांव वालों और दोस्तों के साथ मिलकर सन्नी को ढूंढने का नाटक करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
