हरिद्वार। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा प्रकल्प डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज के अंतर्गत निर्मित डिवाइन हॉस्पिटल और होलिस्टिक हेल्थ विलेज का भव्य उद्घाटन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। यह अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तथा भारत की पारंपरिक उपचार पद्धतियों का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है। ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लिए समग्र स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित यह केंद्र प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक नई दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन शिवप्रकाश, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, स्वास्थ्य मंत्री धनसिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम विशेष रूप से शामिल रहे।
अतिथियों ने डिवाइन हॉस्पिटल और होलिस्टिक हेल्थ विलेज को जनसेवा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन संजय चतुर्वेदी द्वारा किया गया। उद्घाटन के साथ ही मिशन ने इस केंद्र को आम जनता के लिए समर्पित कर दिया।
