हरिद्वार, 03 फरवरी। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए तहसील हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा अलग-अलग विभागों से संबंधित कुल 44 समस्याएं दर्ज कराई गईं, जिनमें से 24 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेयजल, विद्युत, राशन कार्ड एवं अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि जनपदवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पटवारी एवं लेखपालों को भूमि विवाद से संबंधित मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर पैमाइश करने और वास्तविक स्थिति की जांच के निर्देश दिए। साथ ही जिन शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपा गया है, उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। तहसील दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित जल संस्थान, विद्युत विभाग, पेयजल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
