हरिद्वार, 2 नवम्बर। पुलिस ने रंगदारी मांगने के गंभीर प्रकरण का त्वरित खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तमंचा और चाकू बरामद किया गया है। प्रसिद्ध होम्योपैथिक डॉक्टर जितेंद्र चंदेला के पुत्र भावेश प्रताप चन्देला ने पुलिस को सूचना दी थी कि आजाद गुज्जर निवासी कुँआखेड़ा, लक्सर ने आश्रम बनाने के नाम पर ₹3,50,000 की मांग की तथा पैसे न देने पर उन्हें व उनके परिवार को गोली मारने की धमकी दी है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देर रात बीएचईएल मटेरियल गेट, सेक्टर-1 के पास से दोनों अभियुक्तों आजाद पुत्र महिपाल, निवासी ग्राम कुँआखेड़ा और सुरेन्द्र गुर्जर पुत्र बासी, निवासी ग्राम कुँआखेड़ा, थाना लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर मय 2 जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शराब के नशे में डॉक्टर को फोन कर रंगदारी मांगी थी और धमकाने के लिए तमंचा व चाकू लेकर निकले थे।दोनों के विरुद्ध धारा 3/4/25 शस्त्र अधिनियम की बढ़ोत्तरी कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
