हरिद्वार, 8 फरवरी। थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर आखिरकार हरिद्वार पुलिस ने प्रभावी प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की सख्ती का असर दिखा और वाहन चोर सलाखों के पीछे पहुंचा दिए गए। सिलसिलेवार चोरियों से परेशान आमजन को इस कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है।
पिछले कई दिनों से सिडकुल क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने पुलिस टीम को सख्त निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में सिडकुल पुलिस ने घटनास्थलों का गहन निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया और एक प्रभावी क्राइम ग्राफ तैयार किया। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाए गए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान आयुष और रोहित नामक दो संदिग्धों को दबोच लिया। इनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने मुन्जाल शोवा कंपनी के पीछे चोरी के वाहनों का अड्डा बनाए जाने का खुलासा किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह पर बड़ा शिकंजा कसते हुए हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध की राह पर चलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
