हरिद्वार, 31 जनवरी। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के पश्चिमी मंडल अंतर्गत ग्राम गढ़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती से पूर्व आयोजित भव्य शोभा यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज गौतम फीता काटकर किया। शोभा यात्रा की शुरुआत के साथ ही पूरे ग्राम गढ़ का वातावरण भक्तिमय हो गया। गुरु रविदास जी के चित्रों, बैनरों और झांकियों से सजी शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच शोभा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई आगे बढ़ी। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर मनोज गौतम ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जीवन, उनके उपदेशों और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय आयोजन समिति एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन एवं स्वयंसेवकों द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। शोभा यात्रा के समापन पर सभी ने गुरु रविदास जयंती को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।
