हरिद्वार 30 सितंबर। श्री पंच दश नाम जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी यात्रा की हर की पौड़ी पर गंगा पूजन के साथ नगर परिक्रमा शुरू हो गई है। पवित्र छड़ी सिद्ध पीठ माया देवी से पूजा अर्चना के पश्चात अखाड़े के वरिष्ठ सभापति महंत प्रेम गिरि महाराज ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महंत केदारपुरी महासचिव, महंत महेश पुरी, महंत शैलेंद्र गिरी, महंत महाकाल गिरी , महंत आदित्य गिरी के नेतृत्व में बाल्मीकि चौक, शिव मूर्ति चौक, तुलसी चौक होते हुए दक्ष मंदिर कनखल पहुंची जहां पवित्र छड़ी को गंगा स्नान कराने के पश्चात भगवान शिव के अभिषेक के लिए दक्ष मंदिर के गर्भ में ले जाया गया। नागा संन्यासियों ने वैदिक विधि विधान से भगवान शिव की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया तथा पवित्र छड़ी यात्रा की सकुशल निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की।
कल पवित्र छड़ी श्यामपुर कांगड़ी स्थित श्रीमहंत प्रेम गिरी धाम व अन्य आश्रमों के लिए जूना अखाड़े से प्रस्थान करेगी।
