हरिद्वार। 28 अक्टूबर 2025 को आग लगने की दुर्घटना के बाद लक्सर रोड स्थित, राजकीय आईटीआई (Govt ITI) के समीप स्थित जीवन रक्षक ब्लड सेंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अब ब्लड सेंटर का नवीनीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और इसे 14 जनवरी से पुनः प्रारंभ कर दिया गया है।
आगजनी की घटना के बाद ब्लड सेंटर के भवन, उपकरणों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को क्षति पहुंची थी, जिसके चलते रक्तदान और रक्त आपूर्ति की सेवाएं बाधित हो गई थीं। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर मरीजों और उनके परिजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसे ध्यान में रखते हुए ब्लड सेंटर के नवीनीकरण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया।
ब्लड सेंटर का संचालन अब कपिसथल जन सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह द्वारा स्वयं संभाला गया है। उनके नेतृत्व में ब्लड सेंटर को आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और बेहतर प्रबंधन के साथ पुनः संचालित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
ब्लड सेंटर के पुनः प्रारंभ होने से हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों और मरीजों को बड़ी राहत मिली है। समाजसेवियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की है, जिससे जीवन रक्षक सेवाएं निरंतर जारी रह सकें।
