हरिद्वार, 11 मार्च। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को भूपतवाला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय में गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए तैयार किए गए प्रसव कक्ष को शीघ्र शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए बनाए गए प्रसव कक्ष को जल्द से जल्द संचालित किया जाए, ताकि क्षेत्र की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही प्रसव की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में स्वच्छता बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. हर्ष, डॉ. नितिन, डॉ. अजीन सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
