हरिद्वार, 29 नवम्बर। मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने चकबंदी विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का बड़ा प्रशासनिक स्थानांतरण किया है। आदेश के तहत 06 सहायक चकबंदी अधिकारियों, 13 चकबंदीकर्ताओं, 01 चकबंदी लेखपाल और 03 कनिष्ठ सहायकों का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कर दिया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि यह कार्रवाई प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने और जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से की गई है। क्षेत्रीय जनता की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन अपेक्षित रूप से नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण जनता की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप यह स्थानांतरण प्रक्रिया की गई है, ताकि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी तैनाती के कारण सुविधा के दुरुपयोग की स्थिति में न रहे और आम जनता को सेवाओं का लाभ सहज रूप से मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
