हरिद्वार, 17 फरवरी। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में आयोजित होने वाले बहुउद्देशीय शिविरों का रोस्टर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जारी किया गया है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान करेगा।
जारी रोस्टर के अनुसार 18 फरवरी को विकासखंड नारसन, तहसील रुड़की की न्याय पंचायत लिब्बरहेड़ी के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गदरजुड़ा में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) की अध्यक्षता में शिविर आयोजित होगा। 19 फरवरी को विकासखंड बहादराबाद, तहसील हरिद्वार की न्याय पंचायत लालढांग स्थित ओमप्रकाश ज्ञानदीप इंटर कॉलेज, लालढांग में शिविर आयोजित किया जाएगा। 20 फरवरी को विकासखंड लक्सर, तहसील लक्सर की न्याय पंचायत बहादरपुर खादर के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ऐथल बुजुर्ग में उप जिलाधिकारी लक्सर की अध्यक्षता में शिविर लगाया जाएगा। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिक प्रमाण पत्र, पेंशन, आय-जाति प्रमाण पत्र, राजस्व प्रकरण, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी और लाभ प्राप्त कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि जनता को एक ही स्थान पर समस्त सुविधाओं का लाभ मिल सके
