विकासखण्ड बहादराबाद में आयोजित मुख्य शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। इस अवसर पर विधायक रानीपुर आदेश चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा अशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री जयपाल सिंह चौहान, देशराज कर्णवाल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही हेतु भेजा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यह कार्यक्रम जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान का सशक्त माध्यम है। 30 जनवरी तक जनपद के सभी विकासखण्डों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। विधायक आदेश चौहान ने इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
नारसन विकासखण्ड के मूण्डलाना में आयोजित शिविर में 28 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 का मौके पर समाधान किया गया। वहीं खानपुर विकासखण्ड में आयोजित शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविरों में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, समाज कल्याण, श्रम, मनरेगा, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनसे सैकड़ों लोगों को योजनाओं का लाभ मिला। बहुउद्देशीय शिविरों ने प्रशासन और जनता के बीच सेतु बनते हुए सुशासन की अवधारणा को साकार किया।
