हरिद्वार, 19 जनवरी। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 81 शिकायतें/समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 36 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल, स्वच्छता आदि से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
शिकायतकर्ता जयपाल सिंह द्वारा रुड़की के वार्ड संख्या-23 स्थित ज्ञान विहार कॉलोनी एवं पंचायती बस्ती में कूड़े के ढेर लगे होने से उत्पन्न स्वास्थ्य जोखिम की शिकायत की गई।
ग्राम पंचायत रावली महदूद के ग्रामीणों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के क्षतिग्रस्त होने के बाद उस पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराते हुए भवन को कब्जा-मुक्त कराने की मांग की।
शिकायतकर्ता मदन निवासी ग्राम औरंगाबाद ने पेयजल लाइन का नया कनेक्शन लंबित होने की समस्या रखी।
तिलक राम ने ज्वालापुर क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण के दौरान नालियों पर अतिक्रमण की शिकायत की।
वहीं सर्वेश कुमार एवं जाहिद द्वारा भूमि पैमाइश से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि 36 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। वर्तमान में एल-1 पर 529 तथा एल-2 पर 87 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
