हरिद्वार, 12 फरवरी। थाना जीआरपी पुलिस ने कप्तान अरुणा भारती के नेतृत्व में ट्रेनों में सक्रिय एक शातिर मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह गिरोह चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल, पर्स और हैंडबैग चोरी कर कुछ ही घंटों में एटीएम व यूपीआई के जरिए रकम निकाल लेता था।
घटना 25 जनवरी की है, जब हेमकुंड एक्सप्रेस के कोच S-9 से सूरत निवासी यात्री की पत्नी का पर्स चोरी हो गया। पर्स में दो महंगे मोबाइल, एयरपॉड, 20 हजार रुपये नकद और कई डेबिट-क्रेडिट कार्ड थे। जीरो एफआईआर के बाद मामला जीआरपी हरिद्वार में दर्ज हुआ।
जांच के दौरान एटीएम फुटेज खंगाले गए, जिसमें दो संदिग्धों की पहचान अंश शर्मा और बलदेव सिंह रावत के रूप में हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनका तीसरा साथी दीपक सेमवाल मोबाइल का लॉक तोड़कर नया यूपीआई पिन सेट करता था। पुलिस ने चोरी हुआ एप्पल आईफोन और ईयरबड्स बरामद कर लिए।
तीनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। कप्तान अरुणा भारती ने टीम को शाबाशी देते हुए कहा कि चलती ट्रेनों में चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
