हरिद्वार (रूपेश वालिया) उत्तराखंड में भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 मार्च को हरिद्वार के बैरागी कैंप में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बैरागी कैंप में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कार्यक्रम केवल सरकार के चार साल पूरे होने का जश्न ही नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतिक शुरुआत भी साबित हो सकता है। भाजपा नेतृत्व का दावा है कि इस जनसभा में करीब डेढ़ लाख से अधिक लोग पहुंचेंगे और केंद्रीय गृह मंत्री के संबोधन को सुनेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की ओर से पिछले चार वर्षों में कराए गए विकास कार्यों और लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। गृह मंत्री अमित शाह इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और प्रदेश में हुए विकास कार्यों की जानकारी लेंगे। इसके बाद अमित शाह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मंच से वे 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान का बिगुल भी फूंक सकते हैं। बैरागी कैंप में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह हरिद्वार के हरिपुर कलां स्थित होटल गॉडवीन भी पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश भाजपा नेतृत्व के चुनिंदा नेताओं के साथ बैठक करेंगे और संगठनात्मक फीडबैक लेंगे। भाजपा के लिए यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए पार्टी आगामी चुनावों की रणनीति को मजबूती देने के साथ ही अपनी ताकत का प्रदर्शन भी करेगी।
