हरिद्वार, 25 फरवरी। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के क्रम में मेला अधिकारी सोनिका ने सीसीआर भवन में विभिन्न अखाड़ों के श्रीमहंतों एवं संत प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कुंभ मेले की व्यवस्थाओं, अखाड़ों की छावनी, अमृत स्नान, पेशवाई, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेला अधिकारी ने संत समाज को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार एवं मेला प्रशासन कुंभ मेला 2027 को दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अखाड़ों की छावनियों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को एक माह के भीतर अंतिम रूप दिया जाएगा। विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में श्री निरंजनी अखाड़ा के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि अमृत स्नान पर्वों पर परंपरानुसार भव्य पेशवाई निकाली जाएगी और इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जानी चाहिए। उन्होंने कुंभ क्षेत्र के विस्तार, सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण पर भी सुझाव दिए।
वहीं जूना अखाड़ा के श्रीमहंत हरि गिरी ने प्रशासनिक तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अखाड़े कुंभ मेले के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग करेंगे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा जताई।
बैठक में अन्य अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने भी छावनी निर्धारण, मार्ग सुदृढ़ीकरण एवं स्नान पर्वों के दौरान सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सुझाव दिए। अपर मेला अधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक में एसपी सिटी अभय सिंह, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह गिल, सीओ (ट्रैफिक) बिपेंद्र सिंह, व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
