हरिद्वार, 20 फरवरी। आगामी वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन सहित आसपास के स्टेशनों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को रेलवे अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान रेलवे स्टेशन श्रद्धालुओं के आगमन का प्रमुख केंद्र रहेगा, इसलिए यहां भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन परिसर में 10 हजार यात्रियों की क्षमता वाला विशाल होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा, जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
मेलाधिकारी ने ट्रेनों की समयबद्धता, आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनों के संचालन, टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने, हेल्पडेस्क को सशक्त बनाने और उद्घोषणा प्रणाली को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई और प्रतीक्षालयों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए विशेष सहायता काउंटर स्थापित किए जाएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी और आरपीएफ के साथ समन्वय कर अतिरिक्त बल की तैनाती तथा सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा मोतीचूर, ज्वालापुर और रायवाला स्टेशनों को भी सुदृढ़ करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान लालजीवाला क्षेत्र और भीमगोड़ा बैराज सहित प्रमुख स्थलों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन, रेलवे एवं जीआरपी के अधिकारी उपस्थित रहे।
