हरिद्वार, 20 मार्च। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने अवस्थापना विकास को गति देते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीकों से युक्त कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीआर-2) भवन और दो नए डबल लेन पुलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार ने सीसीआर-2 भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर की है, जिसमें से प्रथम किश्त के रूप में 20.11 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह भवन वर्तमान मेला नियंत्रण केंद्र के पास बनाया जाएगा और इसमें अत्याधुनिक निगरानी एवं नियंत्रण प्रणाली विकसित की जाएगी। खास बात यह है कि भवन की शीर्ष मंजिल पर हेलीपैड भी बनाया जाएगा, जिससे आपात स्थिति में रेस्क्यू और भीड़ प्रबंधन के लिए हेलीकॉप्टर संचालन संभव हो सकेगा।
इसके साथ ही सूखी नदी पर स्थित पुराने कॉजवे के स्थान पर 44.80 मीटर लंबा डबल लेन पुल बनाया जाएगा, जिसकी लागत 13.21 करोड़ रुपये है। इस पुल के निर्माण से वर्षा ऋतु में होने वाले जलभराव और दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन का विकल्प मिलेगा। मायापुर स्कैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए 60 मीटर स्पान का एक और डबल लेन पुल भी स्वीकृत किया गया है, जिसकी लागत 12.46 करोड़ रुपये है। इससे पार्किंग और मेला क्षेत्र के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। मेला अधिकारी सोनिका ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी और सुरक्षा परीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है, ताकि कुंभ मेला-2027 का आयोजन सुचारु और सुरक्षित तरीके से किया जा सके।
