हरिद्वार, 22 नवम्बर। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन कालनेमी के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस ने धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान 15 ऐसे फर्जी बाबाओं को पकड़ा, जो साधु-संत का भेष बनाकर तंत्र-मंत्र, जादू-टोना व चमत्कारी करतब दिखाकर लोगों को आकर्षित कर रहे थे।
इनकी करतूतों से क्षेत्र में भीड़ बढ़ रही थी और स्थानीय लोगों व यात्रियों में असंतोष का माहौल बन रहा था। शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने सेक्टर-2 एवं पुल जटवाड़ा क्षेत्र से सभी आरोपितों को धारा 172(2) BNS के तहत हिरासत में लिया।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि SSP के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लगातार ऐसे तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। धर्मनगरी की पवित्रता को ठगों और बहरूपियों से दूषित नहीं होने दिया जाएगा।
