हरिद्वार, 7 फरवरी। तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं मॉडल जनपद बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में एक दिन, एक घंटा, एक साथ थीम पर जनपदभर में महा मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक एक साथ संचालित किया गया, जिसमें जनसहभागिता का अभूतपूर्व उदाहरण देखने को मिला।
इस अभियान का शुभारंभ पंतद्वीप मैदान (चमगादड़ टापू) से मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने इलाकों से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि पिछले तीन महीनों से निरंतर चल रहे स्वच्छता अभियान को और गति देने के उद्देश्य से यह महा मेगा अभियान आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल, शिक्षण संस्थानों, महिला समूहों, पुलिस विभाग एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
मेगा सफाई अभियान में जनपद में शामिल हुए 2 लाख 75 हजार लोग। मेगा सफाई अभियान के दौरान जनपद में 143 मीट्रिक टन सूखा एवं गिला कूड़ा कचरा एकत्रित किया गया, जिसमें सूखा कूड़ा 91 मीट्रिक टन एवं गिला कूड़ा 52 मीट्रिक टन एकत्रित किया गया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाएं, निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें तथा मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हरिद्वार को प्रदेश ही नहीं, देश में स्वच्छता की एक अलग पहचान दिलाई जाएगी।
महा सफाई अभियान में पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक जितेंद्र मेहरा, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त रिषभ उनियाल सहित जनप्रतिनिधि, पर्यावरण मित्र, अधिकारी, कर्मचारी आदि मौजूद रहे तथा ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं नगर निगमों में अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग, छात्र छात्राएं, शिक्षक शिक्षिकाएं सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
