इंदौर। इंदौर एयरपोर्ट पर सोमवार को एक विशेष और महत्वपूर्ण मुलाकात देखने को मिली, जब जगतगुरु स्वरूपानंद सरस्वती शंकराचार्य जी के शिष्य एवं संस्कार सेना के संरक्षक ब्रह्मचारी संत स्वामी रामानंद जी ने मध्य प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल से भेंट की। दोनों के बीच यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जहां स्वामी रामानंद महाराज ने खण्डेलवाल को आशीर्वाद देकर उनके आगामी कार्यों के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
बताया गया कि एयरपोर्ट पर पहुंचते ही प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने स्वामी रामानंद महाराज का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान धार्मिक, सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। स्वामी रामानंद जी ने कहा कि समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों का प्रसार ही राष्ट्र को सशक्त बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़ी योजनाओं और सामाजिक उत्थान के प्रयासों में सरकार और संगठन निरंतर प्रगति करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को गौरवान्वित बताया और कहा कि संतों का मार्गदर्शन हमेशा समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरक शक्ति का काम करता है। मुलाकात के दौरान मौजूद लोगों ने भी इस आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण क्षण का स्वागत किया।
